क्यों कोई याद आता है ?

अरुणिता
By -
0



प्रभात के प्रथम प्रहर में ,



सोते जागते इस शहर में,



चिड़िया जब चहचहाती



क्यों कोई याद आता है ?



दोपहरी की अलसाई में ,



नितांत एकल तन्हाई में,



प्रतीक्षारत परछाई देख



क्यों कोई याद आता है ?



 उड़ती भटकी अलकों में,



झुकी  शर्मीली पलकों में ,



भीड़ भरी सड़क देखकर



क्यों कोई याद आता है ?



सांध्य समय की शांति में,



निस्तेज रवि की भ्रांति में ,



मंदिर में जलता दीप देख



क्यों कोई याद आता है?



प्रभु के पावन द्वार पर ,



मधुकरी के उपहार पर ,



व्यर्थ लूटने के संशय पर



क्यों कोई याद आता है ?



सोती रात के जागरण में,



तर्कों के शाब्दिक रण में ,



हार जीत दरकिनार करके



क्यों कोई याद आता है ?



क्षमा भाव से आराधन में,



पश्चाताप भरे शीर्षासन में ,



प्रार्थना को उठते हाथ देख



क्यों कोई याद आता है ?



रिश्तो से पहचाना चेहरा,



जन्मों से अनजाना चेहरा,



साक्षात्कार की पहल पर



क्यों कोई याद आता है?



व्यर्थ तपस्या जन्मों की ,



वृथा उपासना कर्मों की ,



संकल्प की विफलता पर



क्यों कोई याद आता है ?



रमेश चन्द्र शर्मा



    16 कृष्णा नगर, इंदौर



मध्यप्रदेश



  

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)