सारा जग अपराधी

अरुणिता
By -
0

 

स्वर्ग में ताले लटक रहे हैं,



सारा जग अपराधी है!



 



मानव भटक गया धरती पर,



होड़ लगी है गिरने की ।



भौतिकता के पागलपन में,



सुध न रही भव तिरने की ।



 



निर्माणों की अंधी ज़िद में,सिर्फ़ हुई बर्बादी है।



सारा जग अपराधी है!



 



सामानों में प्राण बसाए,



घूम रही हैं बस लाशें ।



घुला हुआ है ज़हर हवा में,



ज़हरीली हैं सब साँसें ।



 



गरल दौड़ता है नस-नस में,सबका मन उन्मादी है



सारा जग अपराधी है!



 



जीवों में भोजन दिखता है,



आँखों में बस वहशीपन।



सबकी गति इस युग में इक-सी,



भले साँप हो या चन्दन।



 



लिप्साएं नख-सिख व्यापी हैं,बस चोला वैरागी है।



सारा जग अपराधी है!



 



पद-पैसे के घोर नशे में,



झूम रहा माटी-ढेला।



नहीं कफ़न में जेब है लेकिन,



जुटा रहा धेला-धेला।



 



गैर-ज़रूरी में उलझा है,भूला जो बुनियादी है।



सारा जग अपराधी है!



-विवेक दीक्षित



 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)